क्रोमियम उठाने पहुंचे कचरा निस्तारण कंपनी के अधिकारी। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रनियां। औद्योगिक क्षेत्र रनियां के खानचंद्रपुर में डंप क्रोमियम कचरा का निस्तारण कुंभी की दो कचरा निस्तारण कंपनियों को करना है। शनिवार को भारत ऑयल एंड वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी की टीम कचरे की उठान करने पहुंची। इधर, जानकारी पर एडीएम प्रशासन ने बिना रूट चार्ट तय किए क्रोमियम उठाने से रोक दिया। इस पर टीम बैरंग लौट गई।
खानचंद्रपुर में छह फैक्टरियों का करीब 85 हजार मीट्रिक टन क्रोमियम कचरा डंप है। यूपीसीडा दो साल की मशक्कत और लाखों रुपये खर्च के बाद क्रोमियम निस्तारण शुरू नहीं करा सका तो पिछले दिनों शासन ने कुंभी की रैमिकी और भारत ऑयल एंड वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी को दायित्व सौंपा है।
करीब 98 करोड़ रुपये से क्रोमियम कचरे का निस्तारण वेस्ट कंपनियों के अपने परिसर में करना है। रैमिकी को 90 फीसदी और भारत ऑयल एवं वेसट मैनेजमेंट को दस फीसदी क्रोमियम निस्तारण का लक्ष्य मिला है। अब एडीएम प्रशासन के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया है।
इसमें प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पीडब्ल्यूडी को शामिल किया गया है। शनिवार को भारत ऑयल एवं वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी के अफसर, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी व पीडब्लूडी के एई मौके पर पहुंचे। एक ट्रक और जेसीबी लेकर क्रोमियम कचरा उठाने का फैसला लिया गया।
इसकी जानकारी खानचंद्रपुर पहुंचने पर एडीएम प्रशासन को दी गई। इसपर एडीएम प्रशासन केशव प्रसाद ने बिना रूट चार्ट बनाए क्रोमियम कचरे की उठान रोक दी। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी आशुतोष पांडेय व एई पीडब्ल्यूडी विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि भारत ऑयल एंड वेस्ट मैनेजमेंट के अधिकारी ओमप्रकाश असरानी टीम लेकर पहुंचे थे।
मौके पर जेसीबी मशीन व ट्रक भी मंगवा लिया गया, लेकिन रूट चार्ट तैयार नहीं होने की वजह से एडीएम प्रशासन ने रोक लगा दी। पीडब्लूडी के एई ने बताया कि रूट चार्ट एडीएम प्रशासन को दिखाया जाएगा। इसके बाद उनके निर्देश पर क्रोमियम का उठान होगा।