शिवली। कल्यानपुर-शिवली मार्ग पर बाघपुर गांव में तेज रफ्तार ऑटो की टक्कर से बाइक सवार दुकानदार की मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ऑटो को कब्जे में ले लिया है।
शिवली बंडा बरार गांव निवासी रवि कुशवाहा (27) बाघपुर में मोबाइल की दुकान चलाते थे। मंगलवार की दोपहर बाद रवि दुकान बंद कर बाइक से कानपुर नगर जा रहा था। बाघपुर गांव में कल्यानपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ऑटो ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे रवि बाइक से उछल कर दूर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल रवि को आसपास के लोगों ने सीएचसी पहुंचाया, वहां से उसे कानपुर नगर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजन उसे हैलट लेकर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हैलट में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रवि की मौत से मां शकुंतला, बहन रूबी, भाई शिवशंकर व साकेत व पिता अशोक बिलख पड़े। थाना प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली है।
कानपुर के स्वरूप नगर थाना पुलिस ने रवि के शव का पोस्टमार्टम कराया है। ऑटो कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।