टप्पेबाजी का शिकार पूर्व कर्मचारी रामऔतार। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
रसूलाबाद। लहरापुर रोड स्थित साप्ताहिक बाजार में मीट खरीदने के दौरान सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी का दो लाख रुपये से भरा बैग उचक्कों ने पार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद मीट दुकानदार को हिरासत में लिया है।
विकास नगर निवासी सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी बैंक कर्मचारी राम औतार वाल्मीकि ने बुधवार दोपहर को झींझक रोड स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से दो लाख रुपये निकाले। रुपयों को बैग में रखने के बाद वह साइकिल से सब्जी लेने लहरापुर रोड में लगने वाली साप्ताहिक बाजार में पहुंचे।
वहां सब्जी लेने के बाद एक मटन शॉप से वह मीट खरीदने लगे। इस दौरान रुपयों से भरा बैग वहीं बेंच में रख दिया। इसी बीच किसी शातिर ने उसका बैग पार कर दिया। बैग को बेंच से नदारद देख राम औतार ने शोर मचाया।
घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और मटन दुकानदार को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी भारत सिंह ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।