युवक की हत्या के विरोध में शव जाम किए ग्रामीण। संवाद
- फोटो : PUKHRAYAN
बरौर। सैदलीपुर गांव के पास शनिवार को शराब के लिए रुपये न देने पर युवक की चेहरा कूंचकर हत्या कर दी गई थी। रविवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचा तो आक्रोशित लोगों ने देवीपुर-बरौर लिंक मार्ग पर दो घंटे शव रखकर जाम लगा दिया। सूचना पर थानाध्यक्ष ने मौके पर पहुंच जल्द घटना का खुलासा करना का आश्वासन दिया। बताया कि एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार किया।
किशोरपुर गांव निवासी शिवम सचान (22) पुत्र अनिल कुमार सचान शनिवार दोपहर में खाना खाने के बाद करीब एक बजे सैदलीपुर जाने के लिए घर से पैदल निकला था। वहां से उसे किसी वाहन से पुखरायां जाना था। सैदलीपुर में सड़क किनारे एक पान की गुमटी के पास मौजूद कुछ युवकों ने उससे शराब के लिए रुपये मांगे। इनकार करने पर युवकों ने चेहरा कूंचकर उसकी हत्या कर दी थी।
शिवम की मां नीलम सचान ने सैदलीपुर गांव के ही विश्वनाथ, छोटू उस्ताद, कल्लू ड्राइवर और तीन अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगा रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, रविवार की शाम पोस्टमार्टम के बाद शिवम का शव जब गांव पहुंचा आक्रोशित ग्रामीणों ने देवीपुर बरौर लिंक मार्ग पर शव रख जाम लगा दिया। लोगों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने की बात कही।
सूचना पर थानाध्यक्ष गंगा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने का आश्वासन देकर शांत कराया। थानाध्यक्ष ने बताया एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इसके बाद लोगों ने निगोही के पास सेंगुर नदी के घाट पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया।