प्रथम चरण के प्रधानी चुनाव मेें जिले के तीन विकासखंडों में किस्मत आजमा
रहे 1891 दावेदारों में 47 फीसदी दावेदारों की शैक्षिक योग्यता प्राइमरी और
आठवीं पास तक है। वहीं माध्यमिक स्तर के 27 फीसदी दावेदार और 18 फीसदी
स्नातक व परास्नातक हैं। जबकि, 7 फीसदी अंगूठा टेक प्रत्याशी भी अपनी गणित
बैठाने में जुटे हैं।
जिले में प्रथम चरण चुनाव की उल्टी गिनती शुरू
होने के बाद सबसे छोटी संसद के जरिये गांवों मेें विकास की गंगा बहाने का
दावा भरने वाले प्रधान पदों के दावेदारों का घमासान तेज रफ्तार पकड़ चुका
है। प्रथम चरण में जिले के तीन विकासखंड राजपुर, अमरौधा व मलासा विकासखंड
में 28 नवंबर को मतदान होगा।
प्रधान पद चुनाव के लिए तीनों विकास खंडों की
198 ग्राम पंचायतों में 1891 दावेदार चुनावी अखाड़े में हैं। ऐसे में
प्रधान दावेदारों के शैक्षिक आंकड़ों पर नजर डाले तो राजपुर विकासखंड की
कुल 60 ग्राम पंचायतों में 582 दावेदार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनमें
52 प्रत्याशी निरक्षर, 185 प्राइमरी पास, 76 जूनियर हाईस्कूल, 85 हाईस्कूल,
70 इंटरमीडिएट, 92 ग्रेजुएट व मात्र 17 पोस्ट ग्रेजुएट दावेदार मैदान में
हैं।
वहीं, अमरौधा विकासखंड की कुल 73 ग्राम पंचायतों में 690 प्रत्याशियों
में 52 निरक्षर, 260 प्राइमरी पास, 92 जूनियर हाईस्कूल, 85 हाईस्कूल, 82
इंटरमीडिएट, 102 ग्रेजुएट, 17 पोस्ट ग्रेजुएट प्रत्याशी हैं। जबकि, मलासा
विकासखंड की कुल 65 ग्राम पंचायतों में 619 प्रत्याशियों में 36 निरक्षर,
139 प्राईमरी पास, 139 जूनियर हाईस्कूल, 109 हाईस्कूल, 82 इंटरमीडिएट, 88
ग्रेजुएट व 26 पोस्टग्रेजुएट प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में हैं।
प्रथम
चरण चुनाव में जिले के तीनों विकासखंडों राजपुर, मलासा व अमरौधा की कुल 198
ग्राम पंचायतों में कुल 1891 प्रत्याशियों में 140 निरक्षर, 584 प्राईमरी
पास, 307 जूनियर हाईस्कूल, 279 हाईस्कूल, 234 इंटरमीडिएट, 282 ग्रेजुएट व
60 पोस्टग्रेजुएट दावेदार अपनी जोर-आजमाइश में लगे हुए हैं। फिलहाल कुल
दावेदारों में आधे से अधिक दावेदारों का प्रतिशत 54 फीसदी निरक्षर,
प्राईमरी व जूनियर हाईस्कूल स्तर तक ही सीमित है।
पंचायत निर्वाचन प्रथम चरण चुनाव के लिए राजपुर, मलासा व अमरौधा
विकासखंड में 198 ग्राम पंचायतों में राजपुर ब्लाक की डाढ़ापुर ही ऐसी
ग्राम पंचायत है। जहां पर प्रधान पद के सभी दावेदार स्नातक पास हैं।
डाढ़ापुर ग्राम पंचायत प्रधान पद में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित की
गई है। इस ग्राम पंचायत में सभी 6 दावेदार शिवकुमार, कौशल कुमार, अजीत
कुमार, अरविंद कुमार, दीपक कुमार, जीनू कटियार स्नातक पास हैं।
चुनावी अखाड़े में कूदे ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट प्रत्याशियों के
आंकड़ों पर नजर डाले तो राजपुर, अमरौधा व मलासा विकासखंड की 198 ग्राम
पंचायतों मेें 56 ग्राम पंचायतें ऐसी हैं, जहां पर कोई भी दावेदार स्नातक
या परास्नातक नहीं है। वहीं 147 ग्राम पंचायतें ऐसी हैं, जहां पर पोस्ट
ग्रेजुएट उम्मीदावार चुनावी मैदान से दूर हैं।