कानपुर देहात। बारिश का पानी सहेजने के लिए तालाब संरक्षण पर जोर है। बारिश से पहले तालाब सुंदरीकरण की दिशा में अकबरपुर निकाय ने कदम बढ़ाएं हैं। 24.40 लाख रुपये से तीन और तालाबों का सुंदरीकरण कराया जाएगा।
तालाब संरक्षण के लिए वित्तीय वर्ष 2019-20 में निकाय की ओर से बजरंग नगर वार्ड नंबर-12 (जमालपुर), जसवंत नगर वार्ड नंबर-8(मुरीदपुर) व कृष्णानगर वार्ड नंबर-6(माती किशनपुर) में स्थित तालाबों के सुंदरीकरण व गहरा कराने के लिए डीपीआर शासन को भेजी गई थी। शासन से इसकी मंजूरी मिल गई है।
जमालपुर के तालाब का सुंदरीकरण 9.15 लाख रुपये से होगा। मुरीदपुर के तालाब के सुंदरीकरण के लिए भी 9.15 लाख रुपये मिले हैं। माती किशनपुर के तालाब की गहराई बढ़ाने और साफ-सफाई के लिए 6.15 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। ईओ देवहूति पांडेय ने बताया कि वर्षा का जल जमा करने के लिए तालाबों का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। शासन से बजट मिला है। मुरीदपुर के तालाब का पानी निकलवा दिया गया है। यहां जल्द की काम शुरू होगा।
कालिका देवी मंदिर तालाब का निर्माण कार्य देखा
कानपुर देहात। ईओ ने मंगलवार को अकबरपुर में गांधीनगर स्थित कालिका देवी मंदिर तालाब के सुंदरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को मानक के अनुसार काम कराने के लिए कहा। मार्च के अंत तक हर हाल में काम पूरा कराने की हिदायत की।
गांधीनगर में रूरा रोड पर स्थित कालिका देवी मंदिर परिसर में विशाल तालाब है। नगरीय झील, तालाब संरक्षण योजना से तालाब का 20 लाख रुपये से सुंदरीकरण कराया जा रहा है। पानी निकाल कर घाटों को पक्का कराया जा रहा है। मंगलवार को ईओ देवहूति पांडेय ने तालाब में कराए जा रहे कार्य का निरीक्षण किया।
यहां लगे बरगद की परिक्रमा के लिए चबूतरा दुरुस्त कराने और रूरा रोड की ओर खुलने वाली गली में ग्रिल जल्द लगवाने को कहा। तालाब की ओर बने मकानों में रहने वाले लोगों का ब्योरा रखने और इन लोगों को तालाब में गंदगी न फेंकने के लिए चेतावनी देने की बात कही। उन्होंने ठेकेदार ने काम की प्रगति जांची और मार्च अंत तक हर हाल में सुंदरीकरण काम पूरा कराने को कहा।