झींझक सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ डा.राजेश कटियार।
- फोटो : AKBARPUR
झींझक (कानपुर देहात)। मंगलवार को सीएमओ ने झींझक सीएचसी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई कर्मी तीन दिनों से अनुपस्थित पाए गए। परिसर में गंदगी मिलने पर उन्होंने कार्रवाई की चेतावनी दी।
सीएमओ डॉ. राजेश कटियार ने सबसे पहले अस्पताल के वार्डों का निरीक्षण किया। वहां जगह-जगह गंदगी मिली। सफाई कर्मी अशोक पिछले दिन दिनों से अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने सीएचसी परिसर में बने मेटरनिटी विंग का निरीक्षण कर महिला वार्ड देखा। उन्होंने नवजात का वजन कराया। स्टाफ नर्स से कहा कि अस्पताल में प्रसव कराने वाली महिलाओं को बताएं कि बच्चों को छह माह तक मां का दूध ही सही आहार है। सीएमओ ने बताया कि झींझक सीएचसी में गंदगी मिली है। उसकी एक सप्ताह के भीतर सफाई कराने की चेतावनी दी गई है। अगले निरीक्षण में गंदगी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान डॉ. जेपी सिंह, डॉ. जेडी सचान, डॉॅ. शिरोमणि सिंह, फार्मासिस्ट शैलेंद्र अवस्थी, स्टाफ नर्स सीमा भदौरिया, अनीता, पिंटू यादव, सर्वेश पाल मौजूद रहे।
रसूलाबाद में भी देखा अस्पताल
सीएमओ राजेश कटियार ने सीएचसी रसूलाबाद का निरीक्षण किया। वहां मेटरनिटी विंग में जाने वाली ऊबड़-खाबड़ सड़क पर असंतोष व्यक्त किया। अस्पताल में गंदगी मिलने पर डॉ. लोकेश शर्मा को साफ-सफाई के निर्देश दिए। अस्पताल के शौचालय में टूटी टोटी के कारण पानी बह रहा था। इसे देख सीएमओ ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने तत्काल टोटी बदलने के निर्देश दिए।