कानपुर देहात। होली पर जिला अस्पताल में डॉक्टरों के उपस्थित रहने के आदेश हवाहवाई साबित हो रहे हैं। बुधवार को डीएम ने ओपीडी में उपस्थिति जांची तो एक साथ नौ डॉक्टर नदारद दिखे। इस दौरान अस्पताल आए मरीज उपचार के लिए भटकते रहे। डीएम के निर्देश पर सीएमएस ने अनुपस्थित डॉक्टरों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
जिला चिकित्सालय अकबरपुर में ओपीडी का समय सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक है। बुधवार सुबह दस बजे डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह जिला चिकित्सालय की ओपीडी में चिकित्सकों की उपस्थिति जांचने पहुंचे।
इस दौरान चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक जतारया, आर्थो सर्जन पुष्कर आनंद, डॉ. राहुल ऋषि, डॉ. रामकुमार, चेस्ट फिजीशियन अवधेश कटियार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रियाज अली मिर्जा, डॉ. जयवर्धन, डॉ. अजय प्रताप सिंह, मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. धर्मवीर अनुपस्थित मिले।
एक साथ बड़ी संख्या में डॉक्टरों के अनुपस्थित होने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने सीएमएस को अनुपस्थित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने व प्रतिदिन उपस्थिति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने अस्पताल में लगे पुराने पोस्टर, बैनर आदि हटवाने को कहा। मरीजों को अस्पताल से दवा उपलब्ध कराने व साफ-सफाई के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. एके सिंह, डॉ. एसपी सिंह, वरिष्ठ लिपिक राहुल अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।
अनुपस्थित डॉक्टरों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया जा रहा है। जवाब मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। सभी डॉक्टरों को डीएम के आने के बारे में भी पहले से सूचित कर दिया गया था। - डॉ. वंदना सिंह सीएमएस जिला अस्पताल