कानपुर देहात। कोहरे के कारण होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने अभियान चलाकर वाहनों में रिफलेक्टर लगवाने के निर्देश परिवहन विभाग को दिए थे। इसी क्रम में सोमवार को एआरटीओ प्रवर्तन ने टीम के साथ जिले के अलग-अलग स्थानों पर 375 वाहनों पर रेडियम रिफ्लेक्टर टेप लगवाए और वाहन चालकों को नियमों की जानकारी दी।
सोमवार को एआरटीओ उमाशंकर यादव व यात्रीकर अधिकारी आनंद राय कुरील ने संयुक्त रूप से अकबरपुर, रनियां व रायपुर में अभियान चलाकर ट्रैक्टर ट्रॉली, ट्रक, डंपर आदि वाहनों में रिफ्लेक्टर लगवाए। एआरटीओ प्रवर्तन ने चालकों को बताया कि कोहरे में सडक़ हादसों की संभावना और बढ़ जाती है। कोहरे में सड़क पर वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें। ट्रैफिक नियमों का पालन करने के साथ ही रफ्तार पर भी नियंत्रित रखे। जरा सी सावधानी बरत कर दूसरों की जान के साथ-साथ खुद को भी सुरक्षित रख सकते हैं। वाहन चालकों को हेडलाइट, बैकलाइट, फॉगलाइट दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होने बताया कि यदि रास्ते में गाड़ी खराब हो जाती है तो गाड़ी की लाइटें बंद कर दें, ब्रेक के पैडल से अपने पैर हटा लें। क्योंकि पैडल पर पैर रखा होने पर बैक लाइट जलती रहती है। ऐसे में पीछे से आने वाला वाहन टकरा सकता है। कोहरे में अधिकांश लोग आगे जा रही गाड़ी की टेल लाइट देख कर ही चलते हैं। हादसा न हो इसके लिए गाड़ी से बाहर खड़े हो जाएं।