झींझक। मंगलपुर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद भोलाहुलास गांव से बीस दिन पहले लापता वृद्ध किसान का शव गांव के पास ही खेत में बने पुराने कुएं में बोरी में मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कुएं से शव को बाहर निकलवाया। मृतक के परिजनों ने हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। फिलहाल परिजनों ने तहरीर नहीं दी थी।
7 अक्तूबर को मंगलपुर थाना क्षेत्र के औरंगाबाद भोलाहुलास गांव निवासी किसान परशुराम (63) घर से खेत के लिए निकले थे। इसके बाद वापस घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पुत्र नीरज ने 12 अक्तूबर को मंगलपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। सोमवार की सुबह गांव के लोगों ने यदुनाथ के खेत में स्थित पुराने कुएं से बदबू आती देख सूचना परशुराम के पुत्र को दी। मंगलपुर पुलिस ने कुएं के पानी में एक प्लास्टिक बोरी तैरती देखी। इस पर ग्रामीणों के सहयोग से बाहर निकलवाया तो उसमें लापता परशुराम का शव मिला। कई दिन पुराना होने के चलते शव सडने लगा था। जानकारी पर पहुंची पत्नी लौंगश्री, पुत्र कुलदीप, नीरज व संदीप रोने-बिलखने लगे। पुत्र नीरज ने बताया कि 7 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे उसकी पिता से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने खेत पर होने की बात कही थी। साथ ही जल्द जी घर आने को कहा था, लेकिन वह नहीं पहुंचे और सोमवार को शव बोरी में भरा मिला। जानकारी पर एसपी केशव कुमार चौधरी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल पर छानबीन की और मामले का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। मंगलपुर थाना प्रभारी आमोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने अभी तक तहरीर नहीं दी है।