शोभन मंदिर के भंडार गृह में आग से जला सामान। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
शिवली। शोभन मंदिर में शुक्रवार की भोर बिजली के तारों में हुए शॉर्ट सर्किट से भंडार गृह में आग लग गई। इससे खाद्य सामग्री समेत लाखों का अन्य सामान जल गया।
शोभन मंदिर में शुक्रवार शाम मंगला आरती के बाद मंदिर के महंत हरिशरणम पांडेय भंडार गृह के पास अपने आवास में जाकर सो गए। तीन बजे बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लग गई।
धुआं भरने के बाद महंत किसी तरह दरवाजा खोलकर बाहर आए। आसपास मौजूद भक्तों को आग लगने की सूचना दी। भक्तों व शोभन, बैरी, जुगराजपुर गांव के ग्रामीणों ने पास की झील से पानी लाकर आग पर काबू पाया। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां लेकर पहुंचे कर्मचारियों ने भी आग बुझाने में मदद की।
महंत ने बताया कि आग से शृंगार का सामान, 30 टीन रिफाइंड, 30 टीन सरसों तेल, पांच क्विंटल अरहर दाल, छह क्विंटल चावल, तीन क्विंटल चना, दो क्विंटल उर्द व मूंग, 20 डिब्बा गुड़, 10 किलो चाय पत्ती, पचास किलो मेवा समेत अन्य सामान जल गया है। आग से तीन छोटे गैस सिलिंडर भी फट गए। सूचना पर एसडीएम रमेश कुमार, कोतवाल विनोद कुमार मिश्रा ने मौके पर मुआयना किया।