रूरा। शासन के लाख निर्देशों के बाद भी छुट्टा मवेशी संरक्षित नहीं किए जा रहे हैं। इससे परेशान कस्बे के आसपास के गांवों के किसानों ने शुक्रवार की रात करीब 200 सौ छुट्टा मवेशी आबादी की ओर खदेड़ दिए। शनिवार को नगरपंचायत के ईओ ने मामले की शिकायत पुलिस से की है।
किसान छुट्टा मवेशियों से परेशान हैं। दिन रात निगरानी के बाद भी मवेशी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अधिकारी केवल निर्देश दे रहे हैं। पिछले दिनों डीएम ने रात में भी छुट्टा मवेशी पकड़ने के निर्देश दिए थे, लेकिन इसपर अमल नहीं हो सका।
हालात ये हैं कि किसान अब गांव से छुट्टा मवेशी खदेड़ कर कस्बों में छोड़ रहे हैं। शुक्रवार की रात रूरा कस्बे के आसपास के गांवों के किसानों ने करीब दो सौ छुट्टा मवेशी नहर पुल के रास्ते कस्बे में खदेड़ दिए। ये छुट्टा मवेशी पूरी रात कस्बे में धमाचौकड़ी मचाए रहे।
कई स्थानों पर सांड़ों के लड़ने से अफरातफरी रही। सभासद अंशुल बाजपेई ने बताया कि सुभाषनगर वार्ड में रात में मवेशियों का झुंड आ गया। इससे चेयरमैन रामजी गुप्ता को अवगत कराया।
चेयरमैन ने बताया कि आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने करीब दो सौ छुट्टा मवेशी कस्बे में हांक दिए हें। ईओ नीलाब शाल्या की ओर से पुलिस को सूचना दी गई है। थाना प्रभारी कपिल दुबे ने बताया कि ईओ नीलाब शाल्या ने अज्ञात लोगों पर छुट्टा मवेशी छोड़ने की सूचना दी है। जांच कराई जा रही है।