अकबरपुर इंटर कॉलेज में बोर्ड़ परीक्षा के प्रश्न पत्र बस में रखवाते कर्मी।
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए मंगलवार को प्रश्नपत्र केंद्रों में पहुंचा दिए गए। अकबरपुर इंटर कालेज से आठ बसों को अलग-अलग रूट बनाकर रवाना किया गया। इसमें कालेजों के प्रश्नपत्र के बंडलों की सुरक्षा के लिए दो-दो पुलिस कर्मी भी तैनात किए गए। प्रश्नपत्र 24 घंटे सीसीटीवी की निगरानी वाले कक्ष में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। मंगलवार को प्रश्नपत्रों को जिले के 73 केंद्रों में भेजा गया। इसके लिए आठ बसें लगाई थीं। उप नियंत्रक भारत सिंह ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाएं पहले ही केंद्रों में भेजी जा चुकी हैं। डीआईओएस अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा केंद्रों में प्रश्नपत्र सीसीटीवी की निगरानी में रखे जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अगर सीसीटीवी बंद मिले तो संबंधित केंद्र व्यवस्थापक पर कार्रवाई की जाएगी। प्रश्नपत्रों के साथ सभी केंद्रों में कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी आवंटन सूची भेजी गई है। अनुचित साधन प्रपत्र, कोड नंबर पड़ी गोपनीय स्कीम, बंडल स्लिप, दैनंदिनी, सामूहिक प्लान आदि प्रपत्र भेजे दिए गए हैं।
उत्तर पुस्तिकाओं में भी बार कोडिंग
इस बार से ब उत्तर पुस्तिकाओं में भी कोडिंग कर दी गई है। ब उत्तर पुस्तिकाएं बदले जाने की शिकायतें परिषद तक पहुंचने के बाद यह कदम उठाए गए हैं। केंद्रों पर अब अ उत्तर पुस्तिकाओं के साथ ब उत्तर पुस्तिकाओं का विवरण रजिस्टर में दर्ज करके रखा जाएगा। कोडिंग के आधार पर ही कापियां कक्षों में भेजी जाएंगी।