कानपुर देहात। राजपुर क्षेत्र में पत्नी से प्रताड़ित पति ने डीएम से बचाने की गुहार लगाई है। शिकायत पर मंगलवार देर शाम सखी वन स्टाप सेंटर की मैनेजर युवक के घर गईं और दंपती की काउंसलिंग की।
राजपुर कस्बा निवासी एक बुक स्टाल संचालक की शादी छह वर्ष पहले संदलपुर की एक युवती से हुई थी। संचालक का पांच वर्ष का बेटा भी है। दांपत्य जीवन में पिछले तीन माह से चल रहे झगड़े में दंपती को रिश्तेदारों ने खूब समझाया, लेकिन दोनों ही मानने को तैयार नहीं थे।
आखिर में बुक स्टाल संचालक ने डीएम नेहा जैन से मदद की गुहार लगाई। डीएम को भेजे पत्र में लिखा है कि मेरी पत्नी मुझ पर शक करती और दुकान में आकर झगड़ा करती है। इस वजह से वह मानसिक रूप से परेशान है। पत्नी से तलाक चाहता है।
यह शिकायत डीएम नेहा जैन ने जिला प्रोबेशन अधिकारी अभिषेक पांडेय को दी तो उन्होंने काउंसलिंग के लिए शिकायती पत्र सखी वन स्टाप सेंटर भेज दिया। इस पर मंगलवार शाम मैनेजर निधि सचान बुक स्टाल संचालक के घर पहुंचीं और दोनों से अलग-अलग बात की।
संचालक ने बताया कि पत्नी शक करती है कि वह किसी लड़की से फोन में बात करता है। इस वजह से वह पूरा दिन मानसिक रूप से परेशान करती है। मैनेजर ने जब संचालक की पत्नी से पूछा तो उसने पत्नी पर गैर युवती से बात करने का आरोप लगाया।
मैनेजर निधि सचान ने बताया कि बुक स्टाल संचालक ने कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दी है। दोनों को समझाया गया है। कुछ दिन बाद फिर उनसे मिलकर काउंसलिंग की जाएगी।