हादसे में डायट प्रवक्ता की मौत के बाद रोते परिजन। संवाद
- फोटो : PUKHRAYAN
पुखरायां। कानपुर-झांसी हाईवे पर शनिवार को कस्बा बाईपास विवेकानंद मोड़ के पास कार की टक्कर से स्कूटी सवार डायट प्रवक्ता की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्कूटी सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। हादसे की सूचना पर सीएचसी में भीड़ एकत्रित हो गई।
बरौर क्षेत्र के मुडेरा गांव निवासी शशिकांत सचान (59) पुखरायां कस्बे के विद्यार्थीनगर में मकान बनवाकर रह रहे थे। वह डायट में सामाजिक विज्ञान के प्रवक्ता थे। घर में निर्माण कार्य होने के कारण वह शनिवार को मौरंग का आर्डर देने स्कूटी से अल्लापुर मोड़ स्थित दुकान जा रहे थे।
जब वह विवेकानंद मोड़ से हाईवे पर पहुंचे तभी कानपुर से झांसी की ओर जा रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने पर स्थानीय लोगों ने उनको सीएचसी पहुंचाया। जहां डॉ. मनोज कुमार ने शशिकांत को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की सूचना पर सीएचसी में भारी भीड़ जमा हो गई।
उनकी पत्नी सन्नो सचान अमरौधा विकास खंड के सिखमापुर गांव स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं। सूचना पर सन्नो बिलखते हुए सीएचसी पहुंचीं।
शशिकांत की बेटी प्रज्ञा उरई में स्वास्थ्य विभाग में तैनात हैं, जबकि बेटा प्रखर राजस्थान के उदयपुर स्थित एक कंपनी में इंजीनियर है। कोतवाल राजेश कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। स्कूटी सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
अगले माह तय है बेटी की शादी
शशिकांत की बेटी प्रज्ञा की अगले माह शादी तय है। तीन अप्रैल को गोद भराई और 21 को शादी होनी है। इसके लिए परिजन तैयारी में जुटे हुए थे। पत्नी सन्नो ने बताया बेटी प्रज्ञा की शादी के लिए शशिकांत ने बड़े प्लान बना रखे थे। अब उनको कैसे पूरा करेंगे। शादी से पहले घर में बाकी निर्माण कार्य कराने के लिए मौरंग का आर्डर देने जा रहे थे, तभी हादसा हो गया।