कानपुर देहात। काम में बेहतर प्रदर्शन की जांच के बाद ही अनुदान मिलेगा। पिछले साल गड़बड़ी मिलने पर शासन ने जांच के बाद ही अनुदान देने को कहा है। नए मानक तय किए हैं। ग्राम पंचायतें निर्धारित प्रारूप पर हमारी पंचायत पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगी। सीडीओ की अध्यक्षता में बनी जिला स्तरीय कमेटी आवेदनों की जांच करेगी।
14 वें वित्त आयोग के तहत बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों को दस प्रतिशत परफार्मेंस ग्रांट (बेहतर प्रदर्शन पर अनुदान) दी जाती है। वर्ष 2016-17 में जिले की आठ ग्राम पंचायतों ने आवेदन किया था। तत्कालीन समिति ने नियमों को ताक पर रखकर उन्हें ग्रांट आवंटित करा दी थी। मामले की शिकायत शासन स्तर पर पहुंची थी। प्रदेश में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी मिलने पर सभी ग्राम पंचायतों से यह ग्रांट वापस ले ली गई थी। अब उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव बाबू लाल मीणा ने परफार्मेंस ग्रांट के लिए मानक तय कर निर्देश जारी कि हैं।
डीपीआरओ शिव शंकर सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायतों को राजस्व में बढ़ोत्तरी दिखानी होगी। ग्राम पंचायतें को वित्तीय वर्ष में खुद की आय ग्राम निधि और राजस्व विभाग की ओर से ग्राम पंचायतों की संपत्तियों की नीलामी से होने वाली आय का प्रमाण पत्र लगाना होगा। इसके बाद ही आवेदन कर सकेंगी। 27 सितंबर से सात अक्टूबर तक हमारी पंचायत पोर्टल पर आवेदन किए जा सकेंगे। इसके बाद सीडीओ की अध्यक्षता वाली समिति इसकी जांच करेगी।