कानपुर देहात के राजपुर थाने आयी जैनपुर की किशोरी को पूछताछ के दौरान धमकाने वाले राजपुर इंस्पेक्टर विनोद कुमार पर छेड़छाड़ व पाक्सो एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ अकबरपुर पूरे मामले की विवेचना करेंगे। बता दें कि किशोरी के इंस्पेक्टर पर आरोप लगाने के बाद एसपी ने निलंबित कर दिया था।
निलंबित हो चुका है इंस्पेक्टर
कानपुर देहात के राजपुर थाने आयी जैनपुर की किशोरी को पूछताछ के दौरान धमकाने वाले राजपुर इंस्पेक्टर को बुधवार को एसपी ने निलंबित कर दिया था। सीओ की प्रारंभिक जांच में धमकाने की बात सही पाई गई है। जैनपुर निवासी महेश उर्फ बर्रा की बेटी मानसी उर्फ प्रांजलि (16) ने रिश्तेदार फौजी की पत्नी का फोटो व मोबाइल नंबर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था। इसकी शिकायत महिला ने राजपुर थाने में की थी।
किशाेरी ने खा लिया था जहर
इस पर पुलिस ने मानसी उर्फ प्रांजलि को थाने में बुलाकर पूछताछ की थी। थाने से लौटने के बाद डरी किशोरी ने घर आकर जहर खा लिया था। जानकारी पर पुलिस ने किशोरी को राजपुर पीएचसी भेजा। वहां से जिला अस्पताल और फिर गंभीर हालत में हैलट रेफर किया गया था। वहां आईसीयू में किशोरी का उपचार चल रहा है। किशोरी की मां नीलम ने इंस्पेक्टर पर बेटी को धमकाने का आरोप लगाया तो नया मोड़ आ गया था। इसे गंभीरता से लेकर प्रकरण में डीएम ने जांच के लिए एसडीएम सिकंदरा व तहसीलदार की टीम गठित की थी।