सिकंदरा (कानपुर देहात)। अमराहट थाना क्षेत्र के सिहुरा गांव में बुधवार को एक बालिका की फांसी लगाने से संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पिता पर ही हत्या के शक की शिकायत पर सक्रिय पुलिस यमुना नदी घाट पर पहुंच गई। अंतिम संस्कार करने गया पिता पुलिस को देखकर फरार हो गया। पुलिस शव ले जाने वाले लोडर चालक की भी तलाश कर रही है।
कक्षा छह की छात्रा की संदिग्ध हालत में बुधवार की रात मौत हो गई। मृतका का पिता बिना किसी से बताए एक लोडर से शव अंतिम संस्कार के लिए यमुना नदी में ले गया। किसी ने पुलिस को पिता पर हत्या का शक जताते हुए बालिका की संदिग्ध हालत में मौत की जानकारी दी। इस पर तत्काल पुलिस यमुना नदी घाट पहुंची। बालिका का पिता पुलिस देखकर फरार हो गया। इस बीच वह शव को नदी में प्रवाह कर चुका था। पुलिस ने शव लेकर जाने वाले लोडर चालक को तलाशा।
वह भी चकमा देकर निकल गया। इसके बाद पुलिस उसके घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। बालिका के परिजन भी फरार हो गए। सीओ सिकंदरा राजाराम चौधरी ने बताया कि मृतका के पिता की तलाश कराई जा रही है। उससे पूछताछ के बाद ही सही स्थिति सामने आएगी। पिता के खिलाफ तस्करा (थाने की जीडी में घटना का जिक्र) डाला गया है। शव लेकर जाने वाले लोडर को कब्जे में लिया गया है।