कानपुर देहात में बरौर थाना के डुडियामऊ से अपहृत बच्चे की बरामदगी के मामले में बुधवार को एसपी ने प्रेस कांफ्रेेंस कर खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक ने बच्चे का अपहरण कर दिल्ली निवासी अपने फूफा से डेढ़ लाख रुपये में सौदा किया था। खरीदने वाले के कोई संतान नहीं थी और उन्होंने बच्चे को पालने के लिए खरीदा था।
इस मामले में आरोपी युवक और उसके फूफा पर अपहरण समेत कई अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। वहीं आरोपी युवक के पास से अपहरण में प्रयोग की गई बोलेरो व 15 हजार रुपये बरामद हुए। वहीं, पुलिस ने बच्चे की बरामदगी पुखरायां रेलवे स्टेशन से दिखाई है।
घटना का खुलासा करते हुए एसपी राधेश्याम ने बताया कि डुडियामऊ गांव निवासी ट्रक चालक राजू सविता का सात वर्षीय बेटा विवेक 12 मई को घर के बाहर खेलने के दौरान लापता हो गया था। मोहल्ले के बच्चों ने विवेक को गांव के अभिषेक मिश्रा उर्फ प्रांशु के साथ आखिरी बार देखा था। इस पर परिजनों ने प्रांशु पर शक जताते हुए 17 मई को अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया।