कानपुर देहात में भोगनीपुर थाना क्षेत्र के गुरगांव गांव में बुधवार सुबह खेत में घास काटने को लेकर हुए विवाद में भाजपा जिलाध्यक्ष रेणुका सचान के जेठ अजीत सचान पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब आठ बजे अजीत सिंह सचान अपनी फसल देखने खेत पहुंचे थे। आरोप है कि गांव के ही दो भाई उनके खेत में घास काट रहे थे। विरोध करने पर कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान एक आरोपी ने अजीत सिंह को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने हंसिए से उनके पेट पर वार कर दिया। हमले में उनका पेट गंभीर रूप से जख्मी हो गया।