कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बारा टोल के पास रविवार रात बाइक की टक्कर से दूसरी बाइक सवार महिला गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। जिला अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
बलिहारा गांव निवासी बलबीर की पत्नी संतोष देवी (45) बेटे दीपू संग बाइक से रविवार को बहन के घर उमरन गांव गईं थीं। वहां से मां- बेटे रात में बाइक से लौट रहे थे। बारा टोल के पास पहुंचने पर पीछे से आए तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
इसके बाद बाइक लेकर युवक फरार हो गया। इधर संतोष देवी सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गईं। बेटा उन्हें जिला अस्पताल ले गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कोतवाल विनोद पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा जा रहा है। तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।