मालगाड़ी के नीचे से निकलते राहगीर। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
शिवली। गाजियाबाद से इलाहाबाद जा रही मालगाड़ी भाऊपुर के पास सिग्नल न मिलने पर लूपलाइन पर खड़ी कर दी गई। मालगाड़ी लंबी होने के चलते रेलवे क्रॉसिंग तक पहुंच गई।
इसके चलते फाटक बंद होने से तीन घंटे तक जाम लगा रहा। क्रासिंग के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगी रही। वहीं जल्दबाजी में कुछ लोग मालगाड़ी के नीचे से निकलते रहे।
दिल्ली हावड़ा रेलवे लाइन पर मंगलवार दोपहर 12 बजे इलाहाबाद जा रही मालगाड़ी कानपुर के जूही यार्ड के लिए सिग्नल न मिलने की वजह से लूप लाइन पर खड़ी कर दी गई। तीन बजे सिग्नल मिलने पर मालगाड़ी रवाना की जा सकी।
इस दौरान क्रॉसिंग तक मालगाड़ी के खड़े होने से करीब तीन घंटे फाटक बंद रहा। काफी वाहन तो अतिरिक्त चक्कर काटकर दूसरे रास्तों से होकर चले। वहीं, बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंसे रहे। इससे लोगों को गर्मी व धूप में परेशान होना पड़ा।
पैदल पटरी पार करने वाले लोग मालगाड़ी के नीचे से निकलते रहे। एसएसआई यतेंद्र सिंह ने बताया कि मालगाड़ी रुकने से क्रॉसिंग के दूसरे छोर पर जाने में दिक्कत हुई है। अधिकांश वाहन दूसरे रास्तों से निकल गए थे इससे कोई खास समस्या नहीं आई।