राजपुर। बरौर के नेरा कृपालपुर गांव के चौराहे पर गुरुवार को तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से ऑटो सड़क के किनारे खड्ड में जाकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक चालक व छह सवारियां घायल हो गईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया। यहां से गंभीर हालत में चालक समेत दो लोगों को डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
राजपुर के भाल गांव निवासी रामनाथ (55) गुरुवार को पत्नी कलावती (48), नातिन रौनक (13), के अलावा दुर्राजपुर निवासी भतीजी राधा (30), उसकी बेटी खुशी (9), बेटे दीपक (3) के साथ दोहरापुर गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने ऑटो से जा रहे थे।
ऑटो शाहजहांपुर निवासी अनुज कुमार चला रहा था। बरौर के नेरा कृपालपुर गांव के सामने टुटय्यापुर गांव की ओर से आई तेज रफ्तार बोलेरो ने सामने से ऑटो में टक्कर मार दी। इससे वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में पलट गया।
इससे सभी लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को पीएचसी पहुंचाया। वहां डॉ. डीके सिंह ने घायलों का उपचार किया। गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक अनुज कुमार व रामनाथ को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बरौर थाना प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि हादसे की जानकारी नहीं मिली है।