मृतक अंशुमान का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
सरवनखेड़ा। गजनेर के कुरारी गांव में पीएसी के एएसआई के इकलौते बेटे ने घर में बिजली के तार से फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। युवक के खुदकुशी करने की वजह नहीं पता चली है।
कुरारी गांव निवासी श्याम सिंह चौहान पीएसी में एएसआई हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती लखनऊ में है। उनके इकलौते बेटे अंशुमान सिंह (30) की शादी चार साल पहले गुड्डी से हुई थी। उसके तीन बच्चे हैं। सोमवार को अंशुमान के परिजन गांव में ही रासलीला का मंचन देखने गए थे।
इसी बीच अंशुमान ने घर के कमरे में बिजली के तार से पंखे के कुंडे में फंदा लगा लिया। शाम पांच बजे पत्नी गुड्डी घर लौटी तो पति को फंदे पर लटका देख चीख पड़ी। शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और अंशुमान को नीचे उतारा। तब तक उसकी सांसे थम चुकी थीं।
उसकी मौत से मां, पिता और बहन सपना व स्वाति का रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। थानाध्यक्ष सुरजीत सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।