इंगलैंड यूनिवर्सिटी से बुलावा आने के बाद अजय को मिठाई खिलाते परिजन। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के गांव परौंख निवासी अजय प्रताप सिंह गौर को इंग्लैंड की हैडर्स फील्ड यूनिवर्सिटी ने रोबोट पर रिसर्च के लिए बुलाया है। पत्र में अजय को एक मार्च को आने के लिए कहा गया है। इसके पहले यूनिवर्सिटी ने अजय को बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर से सम्मानित कर ब्रांड एंबेसडर बनाया था।
परौंख निवासी अजय प्रताप सिंह गौर ने इंटरमीडिएट तक की शिक्षा कानपुर के सेंट थॉमस स्कूल से पूरी की थी। 2015 में बीटेक करने के लिए अजय गाजियाबाद गए। वहां कॉलेज के एक कार्यक्रम में अजय की मुलाकात इंग्लैंड की हैडर्स फील्ड यूनिवर्सिटी के अधिकारियों से हुई।
बातचीत में यूनिवर्सिटी के अधिकारी अजय से काफी प्रभावित हुए और इंग्लैंड आने की बात कही। इस पर 2017 में अजय इंग्लैंड चले गए। वहां तकनीकी शिक्षा में एक करोड़ रुपये सालाना खर्च आया जिसे यूनिवर्सिटी ने ही वहन किया। वर्ष 2019 में अजय को बेस्ट स्टूडेंट ऑफ द ईयर से सम्मानित करते हुए ब्रांड एंबेसडर बनाया।
अजय ने बताया कि मंगलवार रात यूनिवर्सिटी ने मेल पर पत्र भेजकर अब रोबोट पर रिसर्च के लिए बुलाया है। यूनिवर्सिटी के सीपीटी सेंटर ऑफ प्रिसीसियन टेक्नोलॉजी विभाग की देखरेख में रिसर्च किया जाएगा। वह डाटा जुटा कर रोबोट पर रिसर्च करेंगे।
इस रिसर्च में आने वाले खर्च को यूनिवर्सिटी ही वहन करेगी। इसकी जानकारी पर भाभी नीतू सिंह ने मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। इस उपलब्धि पर मां मुन्नी देवी, पिता नरेश सिंह गौर, भाई लाल सिंह, भतीजे इंद्रप्रताप व भतीजी गौरी समेत गांव व परिवार के लोग बेहद खुश नजर आ रहे हैं।
अमेरिका की कंपनी ने पार्ट टाइम जॉब के दिए 16 लाख
कानपुर देहात। इंग्लैंड की हैडर्स यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के दौरान ही अजय को जॉब के कई बड़े ऑफर मिले। उसने पढ़ाई पर फोकस करते हुए जॉब से इनकार किया। इस पर अमेरिका की एक्सल मैन्युफैक्चर कंपनी ने पार्ट टाइम जॉब का ऑफर दिया। साथ ही इसका सालाना पैकेज 16 लाख रुपये किया। इस पर अजय ने पार्ट टाइम जॉब भी की। फिलहाल कोविड कॉल में वह परौंख आ गया था। अब एक मार्च को इंग्लैंड जाने की तैयारी में हैं। (संवाद)