हड़ताल खत्म करने की घोषणा करते महामंत्री। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। माती कचहरी में शनिवार को हाईकोर्ट इलाहाबाद के प्रशासनिक न्यायमूर्ति से वार्ता के बाद अधिवक्ताओं ने हड़ताल खत्म कर दी। न्यायमूर्ति ने अधिवक्ताओं की मांगे मान ली हैं। कचहरी का गेट नंबर दो जल्द खोल दिया जाएगा। भोनगीपुर कोर्ट के फिर से माती स्थानांतरण पर विचार होगा।
भोगनीपुर कोर्ट स्थानांतरण समेत अन्य मांगों को लेकर 20 अप्रैल से माती कचहरी में अधिवक्ता हड़ताल कर रहे थे। शनिवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट से आए प्रशासनिक न्यायमूर्ति एसएस शमशेरी से एकीकृत बार एसोसिएशन के महामंत्री अरविंद सिंह कुशवाहा, शैलेंद्र तिवारी, राकेश मिश्रा, धनंजय पांडेय, राधेश्याम कटियार, लक्ष्मीशंकर मिश्रा, रमेश पांडेय, विजय मिश्रा, ज्योति सिंह, मुकेश कटियार समेत दस अधिवक्ताओं का प्रतिनिधि मंडल मिला।
अधिवक्ताओं ने उन्हें बताया भोगनीपुर कोर्ट का स्थानांतरण होने से परेशानी हो रही है। इस पर न्यायमूर्ति ने कहा कि मुख्य न्यायमूर्ति के सामने ये मुद्दा रखा जाएगा। अधिवक्ताओं ने कहा कि कचहरी का गेट नंबर दो बंद रखने से वादकारियों व अधिवक्ताओं को आवागमन में परेशानी होती है। इस पर जिला जज को सोमवार को रिपोर्ट देने के लिए निर्देश दिए।
न्यायमूर्ति ने अधिवक्ताओं को आश्वस्त किया कि सोमवार को रिपोर्ट आते ही गेट खोले जाने का आदेश कर दिया जाएगा। वर्चुअल कोर्ट पर रोक लगाने की मांग पर उन्होंने सहमति जताई और जिला जज को निर्देश दिए।
शौचालयों की सफाई व पानी की व्यवस्था दुरुस्त कराने के लिए कहा। अमराहट व राजपुर थानों का न्यायिक अधिकार क्षेत्र बदलने के मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला जज को निर्देशित किया।