अकबरपुर ब्लाक में निरीक्षण करती सीडीओ सौम्या पांडेय। संवाद
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। कर्मचारियों की उपस्थिति व अभिलेखों का रखरखाव जांचने के लिए सीडीओ ने अकबरपुर ब्लाक कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई खामियां मिलने पर नाराजगी जताई। वहीं पत्रावली सही तरीके से प्रस्तुत न करने पर एडीओ जिला पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि व सहयोग न करने पर एडीओ कृषि का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
सीडीओ सौम्या पांडेय ने बुधवार को अकबरपुर ब्लॉक कार्यालय के वरिष्ठ सहायक कक्ष का निरीक्षण किया। उपस्थित वरिष्ठ सहायक सविता सिंह के पत्रावलियों का रखरखाव सही न पाए जाने पर नाराजगी जताई और सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने मनरेगा एवं जिला पंचायत के कार्यों की समीक्षा की। जिला पंचायत कार्य में पुरानी पत्रावलियों के बंडलों में बाहर कोई नाम चस्पा नहीं मिला। डीडीओ को निर्देश दिए कि सभी पुरानी पत्रावली का निपटारा कराया जाए।
मनरेगा ऑपरेटर ने सीडीओ को बताया कि अकबरपुर की 59 ग्राम पंचायतों में से 14 में मनरेगा के काम चल रहे हैं। सीडीओ ने फटकार लगाते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा गांवों में मनरेगा से कार्य कराएं।
सीडीओ ने एडीओ समाज कल्याण व एनआरएलएम कार्यालय का निरीक्षण किया। मौके पर विभाग का बैनर आदि न मिलने पर नाराजगी जाहिर की। इसके बाद उन्होंने एडीओ पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। कोई भी जानकारी सही न उपलब्ध कराने पर चेतावनी दी।
एडीओ जिला पंचायत कार्यालय का निरीक्षण करने पर कोई भी पत्रावली सही प्रकार से न प्रस्तुत करने पर एडीओ रामप्रकाश पाठक को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। सीडीओ ने कार्यालय में एडीओ पंचायत, ग्राम सचिव, जेई व रोजगार सेवकों के साथ बैठक की।
निर्देशित किया कि सुबह छह बजे क्षेत्र में निकले और कार्यों में प्रगति लाएं। कार्य में एडीओ एजी प्रवीण सिंह के सहयोग न करने पर सीडीओ ने वेतन रोकने के निर्देश दिए। इस दौरान डीडीओ गोरखनाथ भट्ट, डीपीआरओ नमिता शरण आदि मौजूद रहे।