कानपुर देहात में माती स्थित सीएमओ कार्यालय में तैनात एसीएमओ का दफ्तर में कुर्सी पर बैठकर सोने का वीडियो रविवार को वायरल हो गया। इसको देखकर लोग पूरे दिन सोशल मीडिया पर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर टिप्पणी करते रहे।
मामले की जानकारी पर सीएमओ ने एसीएमओ से स्पष्टीकरण तलब किया है। वहीं, कार्य के दौरान लापरवाही करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिले में बुखार और डेंगू का प्रकोप चल रहा है। अब तक डेंगू व बुखार से 20 लोगों की मौत हो चुकी है।
वहीं हर रोज बुखार पीड़ितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर लोग पहले ही सवाल उठा रहे हैं। वहीं, रविवार को एसीएमओ डॉ. कुलदीप तोमर का कार्यालय की कुर्सी में बैठकर सोने का वीडियो वायरल हो गया।
वीडियो में एसीएमओ आंखें बंद कर सोते दिख रहे हैं। पूरे दिन यह वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर एक दूसरे को शेयर किया। इसमें जिले में बुखार व डेंगू फैला होने के बाद भी स्वास्थ्य अधिकारी ड्यूटी को लेकर कितना संजीदा हैं इसको लेकर टिप्पणी की।