घाटमपुर में घर में बेटी पैदा होने की खुशियां उस समय काफूर हो गईं, जब बच्ची के जन्म के तीन घंटे के भीतर ही हादसे में उसके पिता की मौत हो गई। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को ले जा रही एंबुलेंस के पीछे बाइक से चल रहे युवक को वैन ने टक्कर मार दी।
इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा युवक का चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। सजेती थाना क्षेत्र के गांव सूखापुर निवासी अमित मजदूरी कर पत्नी आरती व बेटी रोहिणी (03) का पालन करता था।
बड़े भाई राजेश ने बताया कि अमित की पत्नी आरती को प्रसव पीड़ा के चलते रविवार दोपहर ढाई बजे सीएचसी घाटमपुर में भर्ती कराया गया था। आरती ने 15 मिनट बाद बेटी को जन्म दिया।
शाम करीब पांच बजे सीएचसी से एंबुलेंस से आरती व नवजात घर के लिए निकलीं। अमित बाइक से चचेरे भाई संजय के साथ पीछे-पीछे चल रहा था। मूसानगर रोड स्थित ब्लॉक परिसर के पास दूसरी दिशा से आ रही वैन ने टक्कर मार दी।