मंगलपुर-डेरापुर मार्ग पर खजुरी के पास शनिवार दोपहर अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे के बाद दोनों युवक गड्ढे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को सीएचसी डेरापुर पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित किया।
सिकंदरा थाना के मदनपुर निवासी अंकित शेखर (22) पुत्र उमाशंकर संखवार शनिवार दोपहर एक बजे के करीब बाइक से गांव निवासी दोस्त शोषित उर्फ सुशांत ( 35) पुत्र सतीश चंद्र के साथ घर से निकला था। मंगलपुर-डेरापुर मार्ग पर खजुरी की पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गए। नजर पड़ने पर राहगीरों ने घायलों को गड्ढे से निकाल कर सीएचसी डेरापुर पहुंचाया। वहां डॉ. यश सिंघल ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर सीएचसी पहुंची अंकित की मां कुष्मा देवी, बहन रुपाली, भाई आदर्श, आकाश रोने लगे। पिता उमाशंकर ने बताया कि बेटा बाहर रहकर गांव के शोषित के साथ प्राइवेट नौकरी करता था। शनिवार सुबह 12:30 बजे के करीब दोनों घर से खेत पर जाने की बात कहकर निकले थे। इधर शोषित के शव के पास पत्नी दिव्यांशी, बेटा आरव, मां विमलेश, भाई सौरभ, पिता सतीश चंद्र बिलखते रहे। पिता ने बताया कि शोषित व अंकित एक साथ नौकरी करते थे। कुछ दिन पहले ही घर आए थे। थानाध्यक्ष महेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।