कानपुर देहात। सिकंदरा कस्बे के मालवीय नगर के किसान राम सुरेश कटियार के इकलौते बेटे कुलदीप की प्रयागराज में संगम में डूबकर मौत हो गई। कुलदीप की मौत की खबर सुनते ही उसके घर में कोहराम मच गया। पिता, बहनें और मां बिलख पड़े। मां और बहनें रोते-रोते बेहोश हो गईं। रिश्तेदारों ने उनके चेहरे पर पानी की छींटे डालीं तो उन्हें होश आया। उनकी हालत देखकर गांव वालों की आंखें भी छलक आईं।
राम सुरेश के चार बच्चों में कुलदीप अकेला बेटा था। वह स्नातक की पढ़ाई करने के बाद प्रयागराज में रहकर सिविल सर्विसेज परीक्षा की तैयारी कर रहा था। राम सुरेश ने बताया कि सोमवार को कुलदीप चचेरे भाई विवेक और दो अन्य दोस्तों के साथ गुरु पूर्णिमा पर संगम नहाने की बात कहकर घर से गया था। मंगलवार को कुलदीप संगम में नहाते वक्त डूब गया।
विवेक और दोस्तों ने गोताखोरों की मदद से कुलदीप को नदी से बाहर निकलवाया। इसके बाद सभी कुलदीप को अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। रात में परिजन प्रयागराज से कुलदीप का शव लेकर गांव पहुंचे। लोगों ने दुखी परिवार को समझा कर शांत कराया।