सरवनखेड़ा। ब्लॉक के विराहीन गांव में चिकन पॉक्स पैर पसार रहा है। अब तक 15 लोग इसकी चपेट में आ गए हैं। सूचना पर गुरुवार को सीएमओ कार्यालय व पीएचसी से डॉक्टरों की टीम गांव पहुंची और मरीजों का उपचार कर दवा दी। डॉक्टरों ने संक्रामक रोग प्रभारी व आशा बहू को मरीजों की निगरानी करने व रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि विराहीन गांव निवासी एक व्यक्ति को चिकन पॉक्स हो गया था। उसके संपर्क में आने से 15 और लोग इसकी चपेट में आ गए। जानकारी पर गुरुवार को जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. निशांत पाठक, डॉ. यतेंद्र और सरवनखेड़ा पीएचसी प्रभारी डॉ. विशाल दिवाकर को मौके पर भेजा गया था।
गांव में चार महिलाएं, छह बच्चे और पांच पुरुष पीड़ित हैं। टीम ने पीड़ित मरीजों से घर में ही रहने को कहा है। शुक्रवार को भी स्वास्थ्य टीम गांव पहुंचकर लोगों की जांच करेगी। सीएमओ ने बताया कि चिकन पॉक्स पीड़ित लोगों में पहले बुखार आता है।
इसके बाद धीरे-धीरे शरीर में दाने उभरने लगते हैं। बीमारी छह से सात दिन में खत्म हो जाती है। वहीं गांव में डॉ. यतेंद्र ने मरीजों को घर से बाहर न निकलने, एक दूसरे के कपड़े न पहनने, नीम की पत्ती डालकर पानी गर्म कर नहाने, बार-बार हाथ धोने की सलाह दी।
गांव में यह लोग बीमार
ममता (22), चंदा (26), सुनीता (30), विनाक्षी (5), राधिका (9), रौनक (7), माधुरी (40) रोहित (20), अंश (10), कृष्णा (8), विशाल (5), सर्वेश (32) रूमी (30) संस्कार (6) चिकन पॉक्स से पीड़ित है।