कानपुर देहात। जनपद की 12 उखड़ी सड़कों को सुधारने के लिए शासन ने हरी झंडी दी है। इसके लिए 9.87 करोड़ रुपये मंजूर होने के साथ ही 98.74 लाख रुपये अवमुक्त किए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग ने टेंडर की प्रक्रिया शुरू की है। दिसंबर के आखिर तक काम शुरू होने की उम्मीद है। इन सड़कों के बनने से करीब 50 गांवों के करीब दो लाख लोगों को आवाजाही में सहूलियत मिलेगी।
अकबरपुर, मैथा, मलासा व अमरौधा ब्लॉक की 12 सड़कों की हालत अत्यंत खराब है। गड्ढे होने व उखड़ी सड़कों के बोल्डर से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बारिश में गड्ढों में पानी भरने से हादसे होते हैं। ग्रामीण इन सड़कों की मरम्मत की लगातार मांग कर रहे थे।
इसको लेकर लोक निर्माण विभाग ने राज्य सड़क निधि से कुल 26.36 किमी सड़क मरम्मतीकरण का प्रस्ताव भेजा था। इस पर क्षेत्र की 12 सड़कों की मरम्मत के लिए धन अवमुक्त होने से ग्रामीणों में खुशी है। इसमें शिवली मवैया चंपतपुर मार्ग से जैतपुर मार्ग का डामरीकरण भी शामिल है।
यह मार्ग अभी खड़ंजा युक्त है। रूरा शिवली मार्ग से भंवरपुर मार्ग और बहलवापुर से बैजूपुरवा देवीपुर मार्ग की विशेष मरम्मत होगी। इसी प्रकार आठ अन्य मार्गों की मरम्मत कराई जाएगी। वहीं बम्हनौती एवं बरौर के मध्य माइनर पर लघु सेतु बनाकर एप्रोच रोड का निर्माण किया जाना है।
शासन ने राज्य सड़क निधि से जनपद की कई सड़कों को दुरुस्त कराने की वित्तीय मंजूरी दी है। कार्य शुरू करने के लिए धन जारी किया गया है। टेंडर प्रक्रिया की जा रही है। इसके बाद ठेकेदारों को वर्क आर्डर जारी कराकर काम शुरू कराया जाएगा। संपर्क मार्ग दुरुस्त होने से ग्रामीणों को आवाजाही में सहूलियत होगी। - एसपी ओझा, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग