चकेरी के मंगला विहार द्वितीय में शनिवार को एक युवक का नग्न शव घर के अंदर बरामदे में चारपाई पर मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए जांच की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मूलरूप से हमीरपुर के अरतरा मौदहा निवासी विकास दीक्षित (40) थिनर की सप्लाई का काम करता था। परिवार में पत्नी जूली दीक्षित और 16 वर्षीय बेटी सान्या है। सान्या इंटर की छात्रा है। विकास के बहनोई मनोज त्रिवेदी ने बताया कि दो माह पहले मकान बनवाया था। करीब दस दिन पहले पत्नी जूली, बेटी को लेकर मायके हमीरपुर के रिसवा बुजुर्ग गांव चली गई थी। यहां पर विकास अकेले ही था। शनिवार को उन्होंने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। धक्का दिया तो दरवाजा खुल गया। बरामदे में विकास औंधे मुंह नग्न अवस्था में पड़ा था। हिलाने पर भी कोई प्रतिक्रिया न होने पर पुलिस को सूचना दी।
मौके पर डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह, एडीसीपी पूर्वी मनोज कुमार पांडेय और एसीपी चकेरी एसएस रामटेके पहुंचे। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए। डीसीपी पूर्वी ने बताया कि शव के पास एक शराब की बोतल पड़ी मिली है। घर में अभी तक कोई बिजली का कनेक्शन नहीं है। जांच में प्रथम दृष्ट्या लग रहा है कि शराब पीने के बाद उसकी हालत बिगड़ी होगी। इस पर वह कपड़े उतारकर चारपाई पर लेट गया होगा। बिजली न होने से गर्मी और डायरिया से मौत हो गई होगी। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद माैत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।