कानपुर में शास्त्री नगर मतैयापुरवा में दोस्त से मिलने पहुंचे दो युवकों पर नशेबाजी कर रहे मोहल्ले के दबंगों ने हमला कर दिया। जान बचाकर भाग रहे एक युवक के पैर में तमंचे से गोली मार दी। दूसरे का ईंट से सिर फोड़ने के बाद हाथ की दो अंगुलियां तोड़ दीं।
आरोपियों पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज उनकी तलाश की जा रही है। शास्त्री नगर सेंट्रल पार्क के पास रहने वाले दीपक कुमार (30) ने पुलिस को बताया कि वह गुमटी नंबर पांच स्थित कपड़े की दुकान में सेल्समैन है।
रविवार को वोट डालने के बाद शाम करीब छह बजे मोहल्ले के दोस्त केसा के मीटर रीडर अजय पाल (30) के साथ बाइक से मतैयापुरवा में रहने वाले दोस्त लाला से मिलने गया था। घर पर न होने के कारण बाहर ही इंतजार करने लगे।
तभी इलाके में नशेबाजी कर रहे अमित राजपूत, बल्लू, रोहित, मुकेश आदि ने उन्हें गालियां देनी शुरू कर दी। विरोध करने पर अजय का सिर फोड़ दिया और हाथ की दो अंगुलियां तोड़ दीं। बीचबचाव करने पर उसे भी पीट दिया। वहां से भागने लगे तो अमित ने तमंचे से उसके पैर में गोली मार दी।