कानपुर में एआई कोर्स न करने वाले छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के स्नातक दूसरे और चौथे सेमेस्टर के छात्रों का परिणाम अधर में हैं। कोर्स न करने वाले छात्रों को आंतरिक मूल्यांकन के अंक शून्य दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने इस संबंध में एक आदेश भी जारी किया है। विश्वविद्यालय से संबंद्ध महाविद्यालयों के बीए, बीएससी और बीकाम के दूसरे और चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए वोकेशनल शिक्षा के तहत एआई पाठ्यक्रम को सभी के लिए अनिवार्य किया है।
हालांकि विवि के इस फैसले से कई डिग्री कॉलेज नाराज हैं। कारण, इसके लिए 500 रुपये फीस भी लगाई है। कॉलेजों का कहना है कि छात्र वैसे भी नहीं आ रहे हैं, एक-एक करके नया शुल्क थोपेंगे तो छात्र और भी कम हो जाएंगे। कई कॉलेजों के छात्रों ने इस कोर्स को नहीं कराया है। इससे एआई फाॅर आॅल का लक्ष्य अधूरा रह गया है। एआई फॉर ऑल पाठ्यक्रम में छात्र-छात्राओं के लागिन भी नहीं करने की रिपोर्ट पर विश्वविद्यालय ने सख्त रुख दिखाया है।