कानपुर में गुजैनी थाना क्षेत्र के तात्याटोपे नगर में मंगलवार रात चोरों ने रिटायर्ड बैंक कर्मी अशोक कुमार के घर से लगभग 20 लाख के जेवर व सवा लाख की नगदी चोरी कर ली। सोमवार को पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज की। सीसीटीवी कैमरे में दो संदिग्ध कैद हुए हैं।
विज्ञापन
अशोक कुमार पंजाब नेशनल बैंक से रिटायर्ड हैं। बेटे रॉबिन सिंह की दो अक्तूबर को सगाई है, जिसको लेकर घर पर तैयारी चल रही थी। अशोक ने बताया कि मंगलवार रात सभी लोग अपने-अपने कमरे में सोने चले गए थे। सुबह उठे तो उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था।
आवाज लगाने पर नीचे के कमरे में सो रहे बेटे रॉबिन ने आकर कमरा खोला। तभी पता चला कि स्टोर रूम में रखी अलमारी खुली पड़ी थी, सारा सामान बिखरा था। रॉबिन ने बताया कि फोरेंसिक टीम की जांच में सामने आया कि चोर छत के रास्ते से अंदर घुसे थे।
विज्ञापन
अलमारी में चाभी लगी रहती थी। इंस्पेक्टर रवि शंकर त्रिपाठी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी में कैद संदिग्ध की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। घटना को देखते हुए यह साफ है कि चोर कोई घर का जानकार रहा है।