जिला जज मयंक कुमार जैन ने तीन न्यायिक अधिकारियों और सात कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित होने के बाद सीएमओ व कोविड-19 संबंधी समिति की जांच रिपोर्ट पर शुक्रवार को अदालतें बंद रखने का फैसला लिया है। चौथे शनिवार को अदालतों में न्यायिक कार्य नहीं होता और रविवार की छुट्टी के बाद अब सोमवार को ही न्यायिक कार्य होगा।
जिला जज ने न्यायालय परिसर में सैनिटाइजेशन और सफाई कराने के आदेश दिए हैं। 21 जनवरी को मजिस्ट्रेट और सत्र न्यायालय दोनों में होने वाली जमानत प्रार्थनापत्रों की सुनवाई अब 24 जनवरी को होगी। मजिस्ट्रेट न्यायालय में जरूरी प्रार्थनापत्र भी 24 को ही सुने जाएंगे। रिमांड का काम वीडियो कांफ्रेंसिंग से होगा।
21 जनवरी को मजिस्ट्रेट न्यायालयों से संबंधित रिमांड अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन अजिता वर्मा और सत्र न्यायालयों के रिमांड अपर जिला जज-26 प्रमोद कुमार देखेंगे। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव श्रद्धा त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना के चलते 22 जनवरी को दीवानी न्यायालय परिसर में वैवाहिक मामलों की सुनवाई के लिए लगने वाली विशेष लोक अदालत भी स्थगित कर दी गई है। अगली तारीख अभी तय नहीं हुई है।