कानपुर देहात। जिला अस्पताल में एक ईसीजी मशीन है। यह सिर्फ ओपीडी के समय ही चलती है। इसके बाद बंद हो जाती है। इस वजह से मरीजों को हैलट के लिए रेफर करना पड़ता है, लेकिन जल्द ही अस्पताल में ईसीजी की 24 घंटे सुविधा मिलने वाली है। इसके लिए सभी वार्ड ब्वॉय को ट्रेनिंग दी जा रही है।
अस्पताल में ईसीजी करने की जिम्मेदारी टेक्नीशियन राकेश शर्मा की है। पूरे जनपद में सिर्फ एक टेक्नीशियन ही तैनात है। सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक चलने वाली ओपीडी में ही मरीजों की ईसीजी होती है, लेकिन दो बजे के बाद कोई मरीज आता है तो उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया जाता। इससे मरीजों को बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इससे निजात दिलाने के लिए सीएमएस डॉ. वंदना सिंह के आदेश पर टेक्नीशियन राकेश शर्मा इमरजेंसी वार्ड में लगे वार्ड ब्वॉय को ईसीजी की ट्रेनिंग दे रहे हैं।
गुरुवार को ओपीडी से आए एक मरीज के ऊपर वार्ड ब्वॉय सोनू सहित अन्य स्टॉफ को ईसीजी मशीन का प्रशिक्षण दिया गया। राकेश शर्मा ने बताया कि वार्ड ब्वॉय की ट्रेनिंग के बाद सीएमएस को मशीन खरीद के संबंध में पत्र लिखेंगे, ताकि 24 घंटे मरीजों को ईसीजी की सुविधा मिल सके।