कानपुर के हॉटस्पॉट एरिया में अभी तक कुल 28 कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसमें से पांच वे लोग भी शामिल हैं, जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है लेकिन इन सभी नेगेटिव आए लोगों को अभी घर जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
तय किया गया है कि इन सभी नेगेटिव आए लोगों को 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा। इस संबंध में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ ब्रह्मदेव राम तिवारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अशोक शुक्ला, डीआईजी अनंत देव के साथ बैठक कर फैसला लिया।
उन्होंने कहा कि जिनकी रिपोर्ट नेगेटिव आ रही है उन्हें भी अभी संदिग्ध मानकर ही चला जा रहा है। उन्हें पूरी तरह से आइसोलेट करके ही रखा जाएगा। किसी से उनका संपर्क नहीं होने दिया जाएगा।
इसके अलावा तय किया गया कि कर्नलगंज के जिस कोरोना संक्रमित कारोबारी की मौत हो चुकी है, उसके परिवार के अलावा संपर्क में आए सभी लोगों का एक के बाद एक टेस्ट कराया जाएगा। यह प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही सभी हॉटस्पॉट एरिया में टेस्ट के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को चिह्नित किया जा रहा है।