कानपुर में पनकी रोड पर एक ऑटो चालक की मनमानी और दबंगई के चलते भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई। दरअसल,ऑटो चालक ने बीच सड़क पर ट्रक के ठीक सामने अपना ऑटो आड़ा खड़ा कर दिया और जमकर हंगामा काटा। व्यस्त मार्ग के बीचों-बीच वाहन खड़ा कर दिए जाने से देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
हंगामे के कारण लगे इस महाजाम में सामान्य वाहनों और राहगीरों के साथ-साथ गंभीर मरीज को लेकर जा रही एक एम्बुलेंस भी काफी देर तक फंसी रही। साइरन बजने और रास्ते की गुहार लगाने के बावजूद सड़क पर आड़े खड़े वाहनों और अव्यवस्था के कारण एम्बुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी। एम्बुलेंस में सवार मरीज के परिजन बेबस नजर आए और रास्ते के खुलने का इंतजार करते रहे।