कर चोरी की आशंका में मंगलवार को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) की टीम ने सिविल लाइंस स्थित होटल लैंडमार्क में छापा मारा। टीम ने घंटों जांच पड़ताल की। अधिकारियों ने होटल से जुड़े वित्तीय लेनदेन और कर संबंधी रिकॉर्ड खंगाले। टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए, जिन्हें आगे की जांच के लिए साथ ले जाया गया।
सूत्रों ने बताया कि होटल में अलग-अलग श्रेणी के कमरे किराए पर दिए जाते हैं। जिन पर अलग-अलग कर लगता है। इसके अलावा होटल कई सेवाएं भी संचालित की जाती हैं। रेस्टोरेंट, स्पा से हो रही कमाई के अलावा होटल के बैंक्वेट हाल की बुकिंग और कर भुगतान से जुड़े दस्तावेजों को खंगाला गया है। तमाम दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं। जांच के आधार पर ही कर चोरी का आंकलन किया जा सकेगा। यह कार्रवाई सुबह शुरू हुई और दोपहर तक चली। अधिकारियों की टीम ने होटल के विभिन्न कार्यालयों और संबंधित रिकॉर्ड की गहनता से जांच की। इस दौरान कर्मचारियों और प्रबंधन से भी आवश्यक जानकारी जुटाई गई।