हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने किया हंगामा
- फोटो : अमर उजाला
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के नानकारी स्थित मैदान में रविवार को एक प्रतिबंधित मवेशी का शव दो टुकड़ों में मिला। सूचना मिलते ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस की कार्यकर्ताओं से नोकझोंक हो गई। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की तीन टीमों ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
आईआईटी के नानकारी में स्थित मैदान में रविवार सुबह करीब 10:30 बजे प्रतिबंधित मवेशी का सिर और धड़ अलग-अलग मिलने से इलाकाई लोगों की भीड़ लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शव को कुत्ते नोच रहे थे। पास में ही एक बोरी मिली है। इसी में शव को लाकर मैदान में फेंकने की आशंका है। गो सेवक महासभा के अध्यक्ष सचिन दुबे, जिलाध्यक्ष राहुल सिंह और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर हंगामा किया।