बार एसोसिएशन के चुनाव में शुक्रवार को हंगामे और बवाल के बीच मतदान स्थगित करने के बाद चुनावी रंजिश में अधिवक्ता गौतम दत्त (30) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शाम करीब साढ़े चार बजे तोप वाले गेट के पास यूको बैंक के सामने अंजाम दी गई।
गौतम की अधिवक्ता चाची संगीता द्विवेदी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने एक नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या और एससीएसटी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। उधर, घटना के विरोध में लॉयर्स एसोसिएशन ने शनिवार को हड़ताल की घोषणा की है। वहीं बार एसोसिएशन चुनाव का दोबारा मतदान कराया जाए या मतगणना, इस पर भी एल्डर्स कमेटी शनिवार को फैसला लेगी।
शाम को हंगामे के कारण एल्डर्स कमेटी ने मतदान स्थगित कर दिया, तब तक 79 प्रतिशत मतदान हो सका था। शाम पांच बजे तोप वाले गेट के पास अनवरगंज के फूलवाली गली निवासी अधिवक्ता गौतम दत्त अपने चैंबर के सामने कुछ अधिवक्ताओं के साथ चुनाव पर चर्चा कर रहे थे। संगीता की तहरीर के मुताबिक, चर्चा के दौरान जनरलगंज निवासी तरुण गुप्ता अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा। उसने गौतम से कहा, बहुत चुनाव लड़वा रहा था।
अब जितवा ले चुनाव और उसे गोली मार दी। गोली बार एसोसिएशन के पूर्व संयुक्त मंत्री शिवकुमार पांडे उर्फ मेजर के दाहिने हाथ के पंजे से छूते हुए गौतम दत्त के पेट में जा धंसी। घटना के बाद वहां हड़कंप मच गया। गोली पेट के निचले हिस्से में दाहिनी ओर लगने से वह बेहोश हो गए। साथी अधिवक्ता उन्हें उर्सला ले गए, जहां से उन्हें हैलट रेफर कर दिया गया। हैलट में इलाज के दौरान गौतम की मौत हो गई। गौतम भाजपा विधि प्रकोष्ठ के मंडल सह संयोजक भी थे।
इधर, वारदात के बाद फोर्स संग मौके पर पहुंचे डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्रित किए। उनके मुताबिक, गोली तमंचे से चलाई गई। मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है। संगीता की तहरीर पर पुलिस ने तरुण गुप्ता पुत्र टोनी गुप्ता और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या और एससीएसटी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। हालांकि, पुलिस की जांच में तहरीर में जिसे तरुण गुप्ता बताया गया है, उसका असली नाम तरु उर्फ आशीष अग्रवाल है। आरोपी भी भाजपा से जुड़ा बताया गया है।
लायर्स एसोसिएशन ने किया हड़ताल का एलान
लायर्स एसोसिएशन के महामंत्री राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बार एसोसिएशन चुनाव के दौरान हुआ हंगामा और शाम को युवा अधिवक्ता की हत्या दुखद है। इसके विरोध में शनिवार को लॉयर्स एसोसिएशन ने हड़ताल का निर्णय लिया है।
अधिवक्ता की हत्या की इस दुखद घड़ी में पुलिस परिवार के साथ है। उन्हें न्याय दिलाया जाएगा। घटना की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। घटनास्थल के आसपास कई कैमरे लगे थे, जिनके सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
असीम अरुण, पुलिस कमिश्नर