गोकशी करने के आरोप में पुलिस और क्राइम ब्रांच ने रविवार देर रात सगे भाइयों समेत चार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दो को जूही यार्ड के पास से पकड़ा, जबकि सगे भाई फरार हो गए थे। उनकी स्वदेशी मिल कंपाउंड के पास घेराबंदी की गई, जिसमें आरोपियों ने फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई से दोनों के पैर में गोली लग गई। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके पास से गोवंश, चापड़, बोरी,रस्सी आदि सामान मिला है।
डीसीपी दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक क्राइम ब्रांच और एडीसीपी ऑपरेशन सुमित रामटेके को कुछ लोगों के रावतपुर क्षेत्र से सस्ते दामों पर गोवंश खरीदकर परमपुरवा रेलवे ट्रैक के किनारे लाकर उसका वध करने की सूचना मिली। क्राइम ब्रांच के साथ जूही पुलिस की तीन टीमों को लगाया गया। रविवार रात करीब 12:30 बजे पुलिस ने रेलवे ट्रैक के पास एक गोवंश के साथ चार संदिग्धों को आते देखा। पूछताछ के लिए रोकने का प्रयास किया गया तो आरोपी गोवंश छोड़कर भागने लगे।
पुलिस ने पीछा कर चमनगंज के घोसियाना निवासी मो. अमीर और रायपुरवा के देवनगर निवासी श्यामजी तिवारी को दबोच लिया। जूही के परमपुरवा निवासी सगे भाई चांद आलम और रेहान उर्फ सद्दाम मौके से फरार हो गए। पुलिस और क्राइम ब्रांच ने दोनों भाइयों का पीछा किया, जिस पर दोनों जूही यार्ड में छिप गए। पुलिस के करीब पहुंचने पर उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक गोवंश, प्लास्टिक की बोरी, चापड़,रस्सी और तमंचा बरामद किया है। घायल दोनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों का आपराधिक रिकार्ड खंगाल जा रहा है।