कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के सरसौल ओवरब्रिज पर मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। गुजरात से बंगाल जा रहे टाइल्स लदे ट्राला की आगे चल रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर से ट्राला का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और स्टीयरिंग टूट गई। इससे वह कानपुर-प्रयागराज हाईवे की कानपुर से फतेहपुर जाने वाली लेन पर बीच सड़क में खड़ा हो गया।
हादसे के बाद हाईवे पर करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों को परेशानी हुई। सूचना पर महाराजपुर पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया। जाम खुलवाने के लिए कुछ देर तक वाहनों को सर्विस लेन से निकाला गया।