पत्नी और बेटियां शव देख बदहवास हो गईं
हादसे में अनिल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने नाबालिग को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पीआरवी के सिपाही अनिल को इलाज के लिए हैलट ले गए। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हैलट पहुंची पत्नी और बेटियां शव देख बदहवास हो गईं। परिजनों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है।
कार पुलिस के कब्जे में हैं और चालक नाबालिग है
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फजलगंज इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि कार चलाने वाले का आधार कार्ड परिजनों से मांगा गया, जिसमें उसका जन्म 2008 अंकित है। डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि कार पुलिस के कब्जे में हैं और चालक नाबालिग है। परिवार जो भी तहरीर देता है उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर पड़ गया पैर
थानाप्रभारी ने बताया कि जब भीड़ ने नाबालिग को पकड़ लिया तो वह घबराते हुए बोला कि सड़क पर एक तरफ गिट्टी फैली थी। गिट्टी से बचने के लिए कार बांयी ओर दबाई, लेकिन ब्रेक की जगह एक्सीलेटर पर पैर आ गया। इससे कार की स्पीड बढ़ गई और हादसा हो गया।
पिता के नाम कार, नाबालिग के हाथ में स्टीयरिंग
हादसे का कारण बनी कार नाबालिग के पिता दर्शनपुरवा निवासी कृष्ण गुप्ता के नाम है। नाबालिग के मुताबिक उसे कार चलाने का शौक है। अकेले कहीं जाना हो या पूरे परिवार के साथ जाना हो, कार वही चलाता था। उसके पिता सिविल लाइंस स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में मैनेजर हैं। नाबालिग इंटरमीडिएट का छात्र है।
क्यों थमा दी नाबालिग को कार, पति की ले ली जान
पति की मौत की खबर सुनकर उनकी पत्नी अमिता भी परिवार के साथ हैलट अस्पताल पहुंचीं। पति की लाश देखकर दहाड़ मारकर रोने लगीं। बोलीं, क्यों थमा दी नाबालिग के हाथ में कार। इसने मेरा सुहाग और मेरे बच्चों के सिर से पिता का साया छीन लिया। यह कहते हुए वह बेहोश हो गईं। उनके साथ आई बेटी नेहा ने मां को ढाढ़स बंधाया।
भइया जल्दी आ जाओ, पापा नहीं रहे
अस्पताल में मौजूद बेटी नेहा के आंसू भी थमने का नाम नहीं ले रहे थे। हालांकि उसने हिम्मत दिखाकर परिवार के बाकी सदस्यों को फोन किया और बोली, भइया जल्दी आ जाइए पापा नहीं रहे।
इलाके के लोग बोले-बहुत अच्छे इंसान थे
अनिल को लेकर इलाकाई लोगों ने कहा कि वो बेहद नेक इंसान थे। कभी किसी के कार्य को मना नहीं करते थे। इलाकाई लोगों का कहना था कि जिसने भी यह घटना की है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूर होनी चाहिए।
पहले हुए मामलों में भी कार मालिक को भी लापरवाही की धारा में चार्जशीट दी गई है। आगे भी ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -विपिन मिश्रा, एडिशनल पुलिस कमिश्नर