सचेंडी थाना क्षेत्र में किसानगर पुल के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार मौसी की मौत हो गई। वहीं, भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कानपुर देहात के रूरा गेंदामऊ निवासी रमाशंकर की पत्नी शिवकली (56) शनिवार की सुबह भतीजे अतुल के साथ नंद की सास की मौत की सूचना मिलने पर उनके घर रामादेवी बाइक से जा रही थीं। सचेंडी किसाननगर पुल के पास पहुंची ही थीं कि पीछे से तेज रफ्तार कार टक्कर मारकर भाग निकली। दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने दोनों को हैलट अस्पताल भेजा जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सचेंडी इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि हाईवे के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। परिजन तहरीर देंगे तो प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
इसी प्रकार फजलगंज थाना क्षेत्र के दर्शनपुरवा निवासी प्रमोद कुमार गुप्ता (53) हलवाई थे। वह गुरुवार को घर से मध्यप्रदेश के सतना जाने के लिए साथी विकास, पप्पू, प्रशांत समेत चार लोगों के साथ कार से निकले थे। बांदा के देहात कोतवाली क्षेत्र में ट्रक और कार कि भिड़ंत हो गई। हादसे में घायल प्रमोद का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। शनिवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया।