भीषण गर्मी में ट्रेनों के एसी भी दगा देने लगे हैं। रविवार को विक्रमशिला और गया स्पेशल ट्रेन के एसी फेल हो गए। विक्रमशिला का कोच थ्री का एसी अलीगढ़ के पास फेल हो गया। इससे यह भट्ठी बन गया। इस कोच के यात्री गर्मी में 250 किलोमीटर दूर कानपुर तक आने में उबल गए। ट्रेन के सेंट्रल स्टेशन पहुंचने पर लोगों ने हंगामा किया, तब मरम्मत की गई।
आनंद विहार से भागलपुर जाने वाली 12368 के बी-2 कोच के एसी ने अलीगढ़ स्टेशन से निकलने के बाद काम करना बंद कर दिया। इस वजह से यात्रियों को कानपुर तक बिना एसी के ही सफर करना पड़ा। रास्ते भर बंद एसी कोच में यात्री पसीना-पसीना होकर उबल गए। ट्रेन में सफर कर रहे इंजीनियर रोहित आनंद ने सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर रेल मंत्री को ट्वीट कर शिकायत की है कि दो घंटे बिना एसी के सफर करना पड़ा। इसके अलावा कई और यात्रियों ने भी पोस्ट किया।
यह ट्रेन शाम 06:25 बजे सेंट्रल स्टेशन पहुंचती है, लेकिन रविवार को 07:05 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंची। ट्रेन के पहुंचते ही बी-2 कोच में सवार यात्री नीचे उतर आए और हंगामा करने लगे। रेलवे की इलेक्टि्रक टीम ने मरम्मत की। इससे करीब 20 मिनट तक ट्रेन प्लेटफॉर्म पर खड़ी रही। मरम्मत के बाद कूलिंग शुरू होने पर यात्री शांत हुए और ट्रेन रवाना की गई। इसी तरह, शशि सिंह ने भी एक्स पर शिकायत की है कि पत्नी और मां 03698 आनंद विहार-गया ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन से गया जा रही थीं।
वह बी-1 कोच में थीं। यह ट्रेन पहले से ही करीब साढ़े चार घंटे लेट थी। प्रारंभिक स्टेशन आनंद विहार से रवाना होते ही यह करीब 90 किमी ही चली, कोच के एसी ने काम करना बंद कर दिया। कानपुर तक कोच में सवार यात्रियों ने भीषण गर्मी में सफर किया। गोविंदपुरी स्टेशन पहुंचने पर रेलवे कर्मियों ने इसकी मरम्मत की। इसके बाद यह रवाना की गई। यह ट्रेन भी पंद्रह मिनट खड़ी रही।