कानपुर के जूही थानाक्षेत्र में एक युवक ने महिला को जरूरत पर आर्थिक मदद देकर दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे वैश्यावृत्ति के धंधे में ढकेल दिया। दो साल से दंश झेल रही पीड़िता ने पुलिस के सुनवाई न करने पर शनिवार को डीआईजी से मदद की गुहार लगाई है।
पीड़िता ने बताया कि उसके पति होटल में काम करते हैं। उसके तीन बच्चे 19, 16 व 15 साल के हैं। वह घरों में बर्तन धोने का काम करती है। करीब दो साल पहले इलाके के एक युवक ने उसे जरूरत पर 3000 रुपये दिए थे।
मजबूरी का फायदा उठाकर एक दिन वह उसके घर घुस आया और दुष्कर्म किया। साथ ही वीडियो भी बना लिया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर शारीरिक शोषण करने लगा। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे वैश्यावृत्ति के धंधे में ढकेल दिया।
लोकलाज के भय से पहले वह शांत रही, जब सब कुछ उसके बर्दाशत से बाहर हो गया तो शनिवार को वह थाने गई। जहां सुनवाई न होने पर डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह के कार्यालय में शिकायत की। कार्यवाहक थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता पहले थाने के अंदर आई ही नहीं थी बाहर से ही देखकर लौट गई थी।